अनंत सिंह की बेटी की शादी के दिन NH-31 जाम करेंगे किसान, बोले- "याचना नहीं अब रण होगा"
मोकामा: मोकामा प्रखंड में जलजमाव की समस्या से त्रस्त किसानों ने अब आर-पार के संघर्ष का ऐलान कर दिया है। किसानों ने 25 नवंबर को NH-31 जाम करने का निर्णय लिया है। खास बात यह है कि ठीक इसी दिन मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी है, जिसमें बिहार के कोने-कोने से मेहमानों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
दरअसल, मोकामा नगर परिषद के पानी के कारण प्रखंड के चिंतामणिचक, औंटा, हाथीदह समेत आसपास के सैकड़ों बीघा खेत जलमग्न हो गए हैं। स्थिति यह है कि जहां एक ओर खेत पानी में डूबे हैं, वहीं दूसरी ओर बुआई के इस अहम समय में पानी धीरे-धीरे टाल क्षेत्र की ओर भी फैलता जा रहा है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है।
इसी समस्या को लेकर शुक्रवार को औंटा ग्राम पंचायत के किसानों ने एक बैठक आयोजित की। बैठक के बाद किसानों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि जलनिकासी और खेतों को बचाने के लिए नीचे से लेकर ऊपर तक तमाम अधिकारियों से शिकायत की गई तथा सभी जनप्रतिनिधियों से आरजू-मिन्नत भी की गई, लेकिन किसी ने भी इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए ठोस प्रयास नहीं किया।
लगातार अनदेखी से आक्रोशित किसानों ने साफ शब्दों में कहा कि "याचना नहीं अब रण होगा।" किसानों के इस ऐलान के बाद प्रशासन और स्थानीय स्तर पर हलचल तेज होने की उम्मीद है, वहीं 25 नवंबर को आवागमन और शादी समारोह में शामिल होने वाले लोगों की सहूलियत को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
#AnantSingh #trindingvideo #BiharGovernment #bihar #किसान
Mokameh, Patna | Nov 21, 2026