प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
21 अगस्त 2026
शीर्षक: राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय जमुई में 24 घंटे के राष्ट्रीय 'तेजस इंडिया हैकथन' का भव्य समापन। देश भर की 30 शीर्ष टीमों ने तकनीकी कौशल व नवाचार का किया प्रदर्शन।
जमुई: युवाओं में स्वरोजगार, तकनीकी नवाचार और स्टार्टअप इकोसिस्टम को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से स्टार्टअप इंडिया के तत्वावधान में आयोजित 'तेजस इंडिया हैकथन' का भव्य और सफल आयोजन आज राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, जमुई के प्रांगण में संपन्न हुआ। युवाओं में स्वरोजगार, तकनीकी नवाचार और मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्टार्टअप इंडिया के तत्वावधान में आयोजित 'तेजस इंडिया हैकथन' का भव्य एवं सफल समापन आज राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, जमुई के प्रांगण में हुआ। 24 घंटे तक चले इस निरंतर मैराथन हैकथन में देशभर से 260 से अधिक पंजीकृत टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन किया। बहुस्तरीय और कड़े चयन चरणों से गुजरने के बाद सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली शीर्ष 30 टीमों ने फाइनल मुकाबले में जगह बनाई और अपनी नवोन्मेषी समाधानों, तकनीकी मॉडलों एवं प्रारूपों को प्रस्तुत किया।
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों सहित पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, झारखंड और आईआईटी पटना जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के होनहार छात्र-छात्राओं ने अपनी बौद्धिक एवं तकनीकी क्षमता का असाधारण प्रदर्शन करते हुए दैनिक जीवन की व्यावहारिक समस्याओं के अत्यंत प्रभावी एवं नवीन समाधान प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान आयोजित विशेष सत्र में 'स्टार्टअप बिहार' के अंतर्गत 'यू इनवॉल्व, रियल टाइम इमेज, एआर/वीआर' (You Involve, Real Time Image, ARVR) के सफल उद्यमी ने अपनी प्रेरणादायक व्यावसायिक यात्रा साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विचारों को सफल उद्यम में बदलने और एआर/वीआर जैसी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से नए स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रेरित किया, जिससे उपस्थित प्रतिभागियों में उद्यमिता के प्रति एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।
24 घंटे के निरंतर कड़े मुकाबले और विशेषज्ञ निर्णायक मंडल के सूक्ष्म मूल्यांकन के उपरांत प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली छह टीमों का चयन किया गया। इसमें 'कोड क्राफ्टर्स' (Code Crafters) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 'एज फोर्ज' (Edge Forge) द्वितीय और 'क्वांटम माइंड्स' (Quantum Minds) तृतीय स्थान पर रहे। इसके अतिरिक्त 'लिगेसी कोडर्स' (Legacy Coderz) ने चतुर्थ, 'एग्जो हंटर' (Exo Hunter) ने पंचम तथा 'सिंगुलैरिटी' (Singularity) ने षष्टम स्थान हासिल कर अपनी उत्कृष्टता साबित की।
समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में जिला प्रशासन की ओर से जिला परिवहन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार, कार्यपालक अभियंता (जल संसाधन विभाग) एवं महाप्रबंधक (जिला उद्योग केंद्र) सहित संस्थान के प्राचार्य और प्राध्यापकों ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। प्रशासनिक अधिकारियों एवं अतिथियों ने विजेता तथा प्रतिभागी टीमों को सम्मानित करते हुए उनके अभिनव विचारों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
अधिकारियों ने युवाओं को भविष्य में नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। यह भव्य आयोजन जमुई जिले के शैक्षणिक, तकनीकी एवं औद्योगिक परिदृश्य में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर सिद्ध हुआ है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
General Administration Department, Govt. of Bihar
Home Department, Govt. of Bihar
Industries Department, Bihar
Jamui, Bihar | Aug 21, 2026