**सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ: सांसद महोदय ने तलवारबाजी मैच का उद्घाटन कर खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह**
आज पूर्वी चंपारण जिला अंतर्गत खेल प्रतिभाओं को तराशने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से 'संसद खेल महोत्सव' का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि माननीय सांसद श्री राधा मोहन सिंह ने तलवारबाजी (Fencing) खेल स्पर्धा का औपचारिक रूप से उद्घाटन किया तथा खिलाड़ियों का मैच शुरू करवाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय सांसद महोदय ने युवाओं और खेल के सर्वांगीण विकास पर बल दिया।
सांसद महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि हमारे युवाओं के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। संसद खेल महोत्सव का उद्देश्य गांव और कस्बे से निकलने वाली ग्रामीण प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना है। आज तलवारबाजी जैसे साहसिक खेल में हमारे खिलाड़ियों का जोश देखकर मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारे क्षेत्र के युवा आने वाले समय में देश का नाम रोशन करेंगे।
हम अपने क्षेत्र में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार, आधुनिक सुविधाओं और खिलाड़ियों को हर संभव प्रोत्साहन देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। जब हमारे खिलाड़ी मैदान में उतरते हैं, तो वे केवल खेल नहीं खेलते, बल्कि एक सशक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण करते हैं।
महोत्सव के दौरान विभिन्न खेल विधाओं यथा-तलवारबाजी, कैरम, शतरंज, कुश्ती, थाग-टा, वॉलीबॉल, एथलेटिक,वुशु, भरोतोलन, टेबल टेनिस, जूडो, साइकलिंग और कबड्डी की प्रतियोगिताएं 08 अक्टूबर 2026 तक लगातार आयोजित की जाएगी, जिसमें सैकड़ों स्थानीय खिलाड़ी भाग लेंगे। इस उद्घाटन समारोह में श्री लालबाबू प्रसाद गुप्ता उप महापौर नगर निगम, जिला खेल पदाधिकारी श्री विकास कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना शिक्षा विभाग, राकेश सिंह एवं रोचक झा समाजसेवी,विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, शारीरिक शिक्षा शिक्षक, तलवारबाजी के तकनीकी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Sports Authority of India
18 views | East Champaran, Bihar | Sep 5, 2026