सुरेंद्र ठाकुर
चंबा, 08 जून 2026
हिमाचल प्रदेश प्रवक्ता संघ, जिला चंबा के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त चंबा से मुलाकात कर जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
संघ ने कहा कि शिक्षकों से विद्यालय समय के अलावा भी जनगणना का कार्य लिया जा रहा है, जिससे उन पर मानसिक और शारीरिक दबाव बढ़ रहा है। संघ का कहना है कि शिक्षक कोई रोबोट नहीं हैं और उनका मुख्य कार्य विद्यार्थियों को शिक्षा देना है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि जनगणना कार्य केवल निर्धारित कार्य अवधि के भीतर ही करवाया जाए, ऑफ-ऑवर में ड्यूटी बंद की जाए, अतिरिक्त कार्य के लिए उचित विश्राम और मुआवजा दिया जाए तथा दूरदराज क्षेत्रों में परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाई जाए।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो शिक्षक दोबारा एकजुट होकर प्रशासन को ज्ञापन देने के लिए बाध्य होंगे।
उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए समस्याओं पर उचित विचार करने का आश्वासन दिया।
Chamba, Chamba | Jun 8, 2026