चकबंदी में भ्रष्टाचार के आरोपों पर किसानों का कलेक्ट्रेट में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन
.
मुख्यमंत्री को भेजे शिकायत पत्र में गंभीर आरोप, कार्रवाई न होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
.
#हरदोई। तहसील सवायजपुर के परगना कटियारी स्थित ग्राम मुर्वा शाहबुद्दीनपुर के किसान चकबंदी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होगी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई जाएगी, तब तक धरना जारी रहेगा।
धरनारत किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक शिकायती पत्र भी भेजा है, जिसमें चकबंदी अधिकारियों और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। किसानों का कहना है कि गांव की अधिकांश भूमि गंगा और रामगंगा नदियों के बीच स्थित है तथा कटान प्रभावित क्षेत्र होने के बावजूद चक निर्धारण में इस स्थिति की अनदेखी की गई।
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों से कथित लेन-देन कर मनमाने ढंग से भूमि आवंटित की गई, जबकि गरीब और असहाय किसानों की आपत्तियों को नजरअंदाज कर दिया गया। किसानों का यह भी आरोप है कि सर्वे के दौरान बोरिंग, पेड़, कुएं सहित अन्य स्थायी परिसंपत्तियों का सही विवरण दर्ज नहीं किया गया तथा कई किसानों की भूमि नाप में कम कर दी गई।
किसानों के अनुसार मुख्य सड़क किनारे स्थित कुछ लोगों की आवासीय भूमि को चकबंदी से बाहर कर दिया गया, जबकि अन्य लोगों के साथ ऐसा नहीं किया गया। इसके अलावा कम मालियत वाली जमीन को अधिक मालियत दर्शाकर कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने और कम जमीन वाले किसानों के बड़े-बड़े चक बनाने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। वहीं कुछ किसानों को नदी कटान क्षेत्र में चक आवंटित किए जाने की शिकायत भी की गई है।
धरनारत किसानों ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा प्रभावित किसानों को न्याय दिलाया जाए। किसानों का कहना है कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि किसी भी अप्रिय स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Jul 4, 2026