गोकुलपुर में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
बहराइच। कतरनियाघाट वन्यजीव प्रभाग की मोतीपुर रेंज अंतर्गत गोकुलपुर गांव में लगातार दहशत का कारण बने तेंदुए को सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रूप से पिंजरे में कैद कर लिया। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
गांव में पिछले कई दिनों से तेंदुए की लगातार मौजूदगी की शिकायतें मिल रही थीं। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले करीब 15 दिनों में कई मवेशियों की मौत हो चुकी थी। इसके अलावा गांव और आसपास के इलाकों में तेंदुए के पगमार्क भी बार-बार दिखाई दे रहे थे। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था और लोग अकेले खेतों की ओर जाने से भी बच रहे थे।
ग्रामीणों की शिकायतों और तेंदुए की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने गांव में पिंजरा लगाया था। सोमवार तड़के तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाला और उसे निर्धारित सुरक्षित स्थान (सेफ हाउस) में पहुंचा दिया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, तेंदुए की निगरानी की जा रही है। उसके स्वास्थ्य और व्यवहार का परीक्षण करने के बाद निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए आवश्यक अनुमति भी ली जाएगी। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम का आभार जताया।