जिला सहकारी बैंक की 113वीं वार्षिक आमसभा संपन्न, प्रस्तावित बजट एवं सभी प्रस्तावों को मिली स्वीकृति
वर्ष 2025-26 में बैंक ने अर्जित किया 8 करोड़ 72 लाख रुपये से अधिक का शुद्ध लाभ
======================================
किसानों, ग्रामीण अंचलों और सहकारिता से जुड़े सदस्यों को सशक्त बनाने की दिशा में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक छिन्दवाड़ा निरंतर प्रगति कर रहा है। बैंक की मजबूत वित्तीय स्थिति, ऋण सुविधाओं में विस्तार तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बैंक एवं सहकारी समितियों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं से जिले में सहकारिता व्यवस्था को और मजबूती मिली है। इसी क्रम में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित छिन्दवाड़ा की 113वीं वार्षिक आमसभा शनिवार को बैंक मुख्यालय में अपेक्स बैंक भोपाल के प्रशासक श्री महेन्द्र यादव के मुख्य आतिथ्य एवं कलेक्टर तथा बैंक प्रशासक श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक श्री नारायन ने आमसभा में बैंक द्वारा वर्ष 2025-26 के दौरान की गई उल्लेखनीय प्रगति से अंशधारकों को अवगत कराया। उन्होंने सभी सम्माननीय अंशधारकों का स्वागत करते हुए कहा कि बैंक की प्रगति में सभी अंशधारकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि बैंक ने वर्ष 2025-26 में 872.75 लाख रुपये अर्थात 8 करोड़ 72 लाख 75 हजार रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। इस प्रकार 31 मार्च 2026 की स्थिति में बैंक का संचित लाभ 1734.88 लाख रुपये अर्थात 17 करोड़ 34 लाख 88 हजार रुपये हो गया है।
उन्होंने बताया कि बैंक ने पिछले वर्ष की तुलना में उधारों में लगभग 153 करोड़ रुपये की वृद्धि की है, जिससे जिले के किसानों को अधिक ऋण सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ऋण एवं अग्रिमों के मामले में बैंक ने लगभग 16 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने कहा कि बैंक ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, वहीं कुछ ऐसे क्षेत्र भी हैं, जहां अभी और ठोस एवं प्रभावी कार्य किए जाने की आवश्यकता है।
163.60 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित- बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राजेश रायकवार ने वर्ष 2025-26 का वित्तीय पत्रक तथा वर्ष 2027-28 की विकासात्मक कार्ययोजना आमसभा के समक्ष प्रस्तुत की। उन्होंने वर्ष 2026-27 के लिए 163.60 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित करते हुए बताया कि बैंक की कार्यशील पूंजी बढ़कर 2015.72 करोड़ रुपये हो गई है।
उन्होंने बताया कि आगामी वर्ष के लिए बैंक द्वारा अंश पूंजी वृद्धि, ऋण वितरण, अमानत वृद्धि, नए कृषकों को सदस्यता प्रदान करने तथा कृषि एवं कृषि संबद्ध गतिविधियों के लिए ऋण वितरण के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। बैंक ने आगामी वर्ष के विकासात्मक कार्यों के लिए 8 प्रस्तावित बजट एवं वार्षिक कार्यक्रम आमसभा के समक्ष रखे। इन सभी प्रस्तावों एवं बजट को उपस्थित अंशधारकों द्वारा सर्वसम्मति से करतल ध्वनि के बीच स्वीकृति प्रदान की गई। ।
सहकारिता के माध्यम से किसानों को मिल रहा लाभ- कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपेक्स बैंक भोपाल के प्रशासक श्री महेन्द्र यादव ने अपने उद्बोधन में शासन द्वारा किसानों के हित में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सहकारिता के उद्देश्यों एवं लक्ष्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग, ऋण एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने जिला सहकारी बैंक द्वारा अर्जित उपलब्धियों एवं प्रगति की सराहना करते हुए बैंक से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, समितियों एवं अंशधारकों को बधाई दी।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली शाखाओं एवं समितियों का सम्मान- आमसभा के दौरान बैंक की विभिन्न शाखाओं एवं बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (बी-पैक्स) द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अपेक्स बैंक भोपाल के प्रशासक श्री महेन्द्र यादव एवं कलेक्टर तथा बैंक प्रशासक श्री हरेंद्र नारायन के हस्ते उत्कृष्ट कार्य करने वाली शाखाओं एवं समितियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
बैंक शाखाओं में सम्मानित श्रेणियां एवं शाखाएं इस प्रकार हैं—
• सर्वाधिक ऋण वितरण हेतु – उभेगांव, परासिया एवं बिछुआ।
• सर्वाधिक ऋण वसूली हेतु – सिवनी, बिछुआ एवं पिपलानारायणवार।
• सर्वाधिक अमानत वृद्धि हेतु – गांधीगंज, पिपलानारायणवार एवं तिगांव।
• सर्वाधिक रूपये केसीसी कार्ड वितरण हेतु – चौरई, रोहनाकला एवं पिपलानारायणवार।
• माइक्रो एटीएम के माध्यम से सर्वाधिक ऋण वितरण हेतु – लोधीखेड़ा, पिपलानारायणवार, सिवनी, बिछुआ, कुण्डालीकला एवं चांद।
• जमा आवर्ती में नए खाते खोलने हेतु – रोहना, पांढुर्णा एवं सिराठा।
बी-पैक्स समितियों में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित समितियां—
• सर्वाधिक ऋण वसूली हेतु – सेजा, हरई, नवेगांवगोंड, खूनाझिरकला, बिछुआ, झिलमिली। ।
• माइक्रो एटीएम के माध्यम से सर्वाधिक वस्तु वित्त वितरण हेतु – पिपला, घोटी एवं कुण्डालीकला।
• समितियों के पैक्स कम्प्यूटरीकरण में उत्कृष्ट कार्य हेतु – सारंगबिहरी, पिंडरईकला, लावाघोघरी, लांघा, शिकारपुर, नांदनवाड़ी, हिवरासेनाडवार, रिधोरामेट, चिचोलीबड़, सिल्लेवानी।
• सदस्यता अभियान में उत्कृष्ट कार्य हेतु – मारूढ़, चुर्रीसाजवा एवं रोहनाकला।
• पैक्स अंतर्गत व्यवसायिक गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य हेतु – चौरई।
• बचत काउंटर में अमानत वृद्धि हेतु – बाघवर्धिया, जामसांवली एवं बीसापुर।
26 शाखाओं और 185 बी-पैक्स के माध्यम से मिल रही सेवाएं- उल्लेखनीय है कि जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की 26 शाखाएं तथा उनसे संबद्ध 185 बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां (बी-पैक्स) जिले भर में कार्यरत हैं। बैंक एवं समितियों से जुड़े 2 लाख 36 हजार 946 सदस्य तथा बैंक की 26 शाखाओं से जुड़े 3 लाख 69 हजार 39 अमानतदार शासन की योजनाओं एवं बैंक तथा समितियों की विभिन्न सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
बैंक से संबद्ध 185 बी-पैक्स समितियों में से 146 बी-पैक्स किसान समृद्धि केन्द्र एवं कॉमन सर्विस सेंटर के रूप में कार्य कर रही हैं। इसके साथ ही 2 बी-पैक्स जनऔषधि केन्द्र तथा 2 बी-पैक्स एलपीजी गैस वितरण केन्द्र के रूप में भी सेवाएं प्रदान कर रही हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग के साथ-साथ विभिन्न आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता भी बढ़ी है।
अधिकारियों-कर्मचारियों को दी गई बधाई - कार्यक्रम में बैंक की प्रगति में योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहकारी समितियों से जुड़े प्रतिनिधियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी गई। बैंक की उपलब्धियों को आगे भी बनाए रखने तथा किसानों और सदस्यों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन मुख्यालय स्थापना कक्ष प्रभारी श्री विशाल शुक्ला ने किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि अपेक्स बैंक भोपाल के प्रशासक श्री महेन्द्र यादव का जिला बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों द्वारा शॉल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राजेश रायकवार ने किया।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh
78 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Sep 26, 2026