पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर जान जोखिम में डालकर ट्रेन पार करने को मजबूर हैं राहगीर, जिम्मेदार मौन
पीलीभीत। पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और राहगीरों की जान से खिलवाड़ का सिलसिला लगातार जारी है. स्टेशन पर प्लेटफॉर्म या पटरियों पर खड़ी ट्रेनों के नीचे से निकलकर रास्ता पार करना यहां के आम लोगों की मजबूरी बन गया है, जो कभी भी किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है।
ट्रेनों के नीचे से गुजरने को विवश लोग
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक व्यक्ति अपनी जान को दांव पर लगाकर खड़ी ट्रेन के नीचे से गुजर रहा है। स्टेशन पर अक्सर ट्रेनों के खड़े रहने या उचित निकास व्यवस्था के अभाव में लोगों को शॉर्टकट या पटरियों के बीच से गुजरना पड़ता है। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी इसी जोखिम भरे रास्ते का उपयोग करने को विवश हैं, जिससे किसी भी समय अनहोनी की आशंका बनी रहती है।
शिकायतों के बावजूद नहीं निकला कोई समाधान
स्थानीय नागरिकों और यात्रियों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर रेलवे के अधिकारियों को कई बार शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है और ना ही कोई समाधान निकला है। अधिकारियों की इस उदासीनता से क्षेत्र के लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा प्रशासन?
जनता का सवाल है कि क्या रेलवे प्रशासन किसी बड़े हादसे के होने का इंतजार कर रहा है? स्थानीय लोगों ने एक बार फिर उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस समस्या का तुरंत संज्ञान लिया जाए, ताकि पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।