कचरा जलाने पर शुरू हुआ विवाद, दुल्लपुर में पथराव और फायरिंग...
ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र के दुल्लपुर गांव में कचरा जलाने की बात पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। रामवीर गुर्जर और रघुवीर गुर्जर के परिवारों के बीच कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव हुआ, जिसमें कई कारों के शीशे टूट गए। एक पक्ष ने छतों से फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया है, जबकि घटना का वीडियो सामने आया है। सूचना मिलते ही थाटीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और अतिरिक्त बल बुलाकर स्थिति संभाली। पुलिस ने रघुवीर और भूरा गुर्जर को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा है और कुछ महीने पहले भी जानलेवा हमले का मामला दर्ज हुआ था। फिलहाल पुलिस पथराव, फायरिंग और पुराने विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।