"उल्लास-एक अभिनव पहल" के तहत न्यायालय परिसर में स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर आयोजित
100 से अधिक न्यायालय कर्मचारियों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी परामर्श सेवाएं
==============================================================
म.प्र. उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री विवेक रूसिया के आदेशानुसार जिला एवं तहसील न्यायालयों में स्वास्थ्य, क्षमता निर्माण तथा सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से न्यायालय कर्मचारियों के कल्याण के लिए जारी एडवाईजरी फ्रेमवर्क के तहत म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर द्वारा प्रदेशभर में "उल्लास-एक अभिनव पहल" कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छिंदवाड़ा श्री सुशांत हुद्दार के मार्गदर्शन में आज जिला न्यायालय परिसर स्थित ए.डी.आर. भवन में न्यायालय कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री हुद्दार ने किया। इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश श्री सुधीर मिश्रा, जिला न्यायाधीश श्री प्रेमपाल सिंह ठाकुर, श्रीमती तृप्ति पाण्डेय, श्री संकर्षण प्रसाद पाण्डेय, श्री अभिषेक नागराज, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सी.जे.एम.) श्री विपेन्द्र सिंह यादव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री राकेश सिंह, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री सोमनाथ राय सहित अन्य न्यायाधीश, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ तथा न्यायालय एवं जिला प्राधिकरण के कर्मचारी उपस्थित थे।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री हुद्दार ने कहा कि स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर एक अभिनव पहल है, जो विशेष रूप से न्यायालय कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण को ध्यान में रखकर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि कार्य की व्यस्तता एवं समयाभाव के कारण कर्मचारी अक्सर अपने स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाते हैं। ऐसे शिविर उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा चिकित्सकीय परामर्श के अनुरूप स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने बताया कि यह आगामी दिनों में आयोजित होने वाले विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ है।
शिविर में 100 से अधिक कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया। इस दौरान ईसीजी, नेत्र परीक्षण, दंत परीक्षण, रक्तचाप (बीपी), शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं। शिविर में जनरल फिजिशियन, नेत्र रोग, मधुमेह, अस्थिरोग, ईएनटी, त्वचा रोग, मनोचिकित्सा तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ ने भी अपनी सेवाएं प्रदान कीं।