'संवाद योजना' अंतर्गत प्रस्फुटन समिति शक्ति संचय कार्यक्रम की विकासखंड स्तरीय मासिक बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
शासन और समाज के बीच सेतु का कार्य करती हैं प्रस्फुटन समितियां - जिला समन्वयक श्री जैन
============================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में जिले के विकासखंड जुन्नारदेव के जनपद पंचायत परिसर में 'संवाद योजना' अंतर्गत आज प्रस्फुटन समिति शक्ति संचय कार्यक्रम की विकासखंड स्तरीय मासिक बैठक एवं प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण, पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन ने जिले की सभी प्रस्फुटन समितियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रस्फुटन समितियां शासन और समाज के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करती हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी अभियानों की जानकारी भी दी।
विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने ने जन अभियान परिषद की कार्यप्रणाली, उसके तीन प्रमुख स्तंभ—स्वैच्छिकता, सामूहिकता और स्वावलंबन तथा नवांकुर योजना के माध्यम से ग्रामीण विकास में जनभागीदारी की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
बैठक में आगामी ग्राम स्तरीय अभियानों पर चर्चा करते हुए हर घर तिरंगा यात्रा, स्वैच्छिकता पर्व, नशा मुक्त भारत अभियान, हरियाली अमावस्या, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान तथा सर्पदंश जागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण सत्र में विभिन्न विशेषज्ञों ने अपने-अपने विषयों पर मार्गदर्शन दिया। राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री फिरोज दीवान ने जैविक कृषि की आधुनिक तकनीकों एवं पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका बताते हुए किसानों से जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया।
सर्प विशेषज्ञ श्री भरत नामदेव ने सर्पदंश से जुड़े अंधविश्वासों को दूर करने की आवश्यकता पर बल देते हुए लाइव प्रदर्शन के माध्यम से प्राथमिक उपचार की जानकारी दी। डॉ. रीना सूर्यवंशी ने योग, शिक्षा एवं संस्कार के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि पंख सामाजिक विकास संस्थान की अध्यक्ष श्रीमती निमांशी रामपुरे ने नशा मुक्ति अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील की।
श्री बुनेश राजबैठे एवं ईसरत मंसूरी ने ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की अवधारणा और ग्रामीण विकास की कार्ययोजना पर जानकारी दी। प्रशिक्षक श्री अंकेश वाघ ने बैठकों के प्रलेखन एवं आवश्यक अभिलेखों के संधारण संबंधी तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया। मेंटर्स श्री सरजूलाल विश्वकर्मा, श्री गोविंद नंदवंशी एवं श्रीमती दीपा मेश्राम ने क्रमशः जन अभियान परिषद की अवधारणा, समग्र ग्राम विकास और स्वयंसेवी संस्थाओं के गठन पर प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम का संचालन श्री सरजू विश्वकर्मा ने किया तथा अंत में सुश्री आर्या गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला समन्वयक श्री जैन, विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने, श्री फिरोज दीवान, डॉ. रीना सूर्यवंशी, श्री भरत नामदेव, श्री सरजू विश्वकर्मा, श्री गोविंद नंदवंशी, श्रीमती योगिता मर्सकोले, श्रीमती दीपा मेश्राम, श्रीमती निमांशी रामपुरे, ईसरत मंसूरी, श्रीमती पिंकी साहू, श्री अंकेश वाघ, श्री योगेश सोनी, श्रीमती पूजा परते, श्री राकेश यादव सहित सभी मेंटर्स, नवांकुर एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
13 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Jul 27, 2026