कोटा- 50 लाख ठगने वाले दो गिरफ्तार:एयरपोर्ट पर साझेदारी में मार्बल का कारोबार करने का दिया था झांसा, आरोपियों से 75 हजार रुपए बरामद
.
.
कोटा के किशोरपुरा थाना पुलिस ने मार्बल कारोबार में साझेदारी का झांसा देकर 50 लाख रुपए की ठगी खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सचिन भाटी से ठगी की रकम में से 75 हजार रुपए बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि शक्ति नगर निवासी गोवर्धन खंडेलवाल ने 17 अगस्त 2026 को शिकायत दी थी। उनके मोबाइल पर वॉट्सऐप कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को अशोक पाटनी और आरके मार्बल्स से जुड़ा बताया। आरोपी ने कोटा एयरपोर्ट पर मार्बल का काम मिलकर करने का झांसा दिया और उनसे 50 लाख रुपए ठग लिए। इस पर किशोरपुरा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के निर्देश पर एएसपी सुभाष चंद्र मिश्रा के सुपरविजन और डीएसपी मनीष शर्मा के निर्देशन में थानाधिकारी चेतन शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस, साइबर सेल और डीएसटी ने तकनीकी सहायता व आसूचना के आधार पर बलवंत सिंह उर्फ बलसा और सचिन भाटी को गिरफ्तार किया। बलवंत को जेल भेज दिया गया है, जबकि सचिन पुलिस रिमांड पर है। उससे 75 हजार रुपए बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में लूट और हत्या जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। प्रकरण में सरगना और अन्य आरोपियों की जालौर, सिरोही, बाड़मेर और सूरत में तलाश की जा रही है।
#kotanews
#kotapolice
#jaivardhannews