गोलीकांड के विरोध में सड़कों पर उतरी महिला कांग्रेस, बोली—जनता की सुरक्षा से समझौता नहीं
“जन सुरक्षा न्याय मार्च” में गूंजे सरकार विरोधी नारे, कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
देहरादून। राजधानी देहरादून में लगातार सामने आ रही गोलीकांड और आपराधिक घटनाओं के विरोध में उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने शुक्रवार को “जन सुरक्षा न्याय मार्च—सुरक्षित राजधानी, जवाबदेह सरकार” निकाला। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं, बुजुर्गों और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया।
मार्च पथरी बाग चौक से शुरू होकर लाल पुल चौक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “कानून व्यवस्था दुरुस्त करो” और “भाजपा सरकार होश में आओ” जैसे नारों से सड़कें गूंज उठीं। मार्च के समापन पर कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि राजधानी की सड़कों पर लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाएं आम नागरिकों के भीतर भय का माहौल पैदा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पथरी बाग चौक पर हुई हालिया गोलीकांड की घटना ने एक बार फिर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से सामने आ रही आपराधिक घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। राजधानी में यदि आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है, तो सरकार को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
ज्योति रौतेला ने कहा, “कानून का भय अपराधियों में और सुरक्षा का विश्वास आमजन में होना चाहिए। सरकार केवल दावे करने के बजाय अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाए और पुलिस-प्रशासन को जवाबदेह बनाए।”
उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा किसी भी सरकार की पहली जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। महिला कांग्रेस आमजन की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।
मार्च में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा साथी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।