JPSC CGL धांधली के खिलाफ भाजपा का हल्लाबोल, छात्रों के समर्थन में डीसी-एसपी कार्यालय का घेराव
गिरिडीह। JPSC CGL परीक्षा में कथित व्यापक धांधली और छात्रों पर दर्ज फर्जी मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी, गिरिडीह द्वारा डीसी-एसपी कार्यालय घेराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
गिरिडीह ग्रामीण एवं महानगर के जिला अध्यक्षों के नेतृत्व में आयोजित इस घेराव कार्यक्रम में प्रदेश एवं जिला स्तर के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने JPSC CGL परीक्षा में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग उठाई।
भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है। परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पार्टी आगे भी छात्रों की आवाज बुलंद करती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्रों के हित में न्याय की मांग को लेकर जोरदार आवाज उठाई और सरकार से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।