सोशल मीडिया पर पिस्टल लहराने का वीडियो वायरल, युवक पर मुकदमा दर्ज
हरैया सतघरवा। सोशल मीडिया पर पिस्टल लहराते हुए वीडियो वायरल करना एक युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच के बाद युवक के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 11 जून को एक वीडियो वायरल होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक जय हिंद यादव ने वीडियो की जांच की। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान हरैया सतघरवा थाना क्षेत्र के बभनपुरवा मजरा गोपालपुर निवासी वैभव तिवारी के रूप में हुई।
प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि मामले में संबंधित युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।