सेवा संकल्प अभियान के तहत एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित, खिलाड़ियों को फिटनेस और नियमित खेल के लिए किया प्रेरित
मोबाइल से दूरी बनाकर प्रतिदिन खेल मैदान में समय बिताएं युवा – ASP डॉ. अमित वर्मा
--
मध्यप्रदेश शासन एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक निवाड़ी डॉ. राय सिंह नरवरिया के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा साई शिखर इंटरनेशनल विद्यालय, निवाड़ी में एथलेटिक्स खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों से जोड़ना, उनकी खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निवाड़ी डॉ. अमित वर्मा उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-01, निवाड़ी के प्राचार्य श्री आर.डी. वर्मा तथा पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री आर.पी. तिवारी शामिल हुए। विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती सविता सक्सेना ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
निवाड़ी ब्लॉक समन्वयक श्री मनीष सोनी ने बताया कि प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के लिए 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ आयोजित की गई। विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता के समापन पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उनका उत्साहवर्धन किया गया।
फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं युवा – डॉ. अमित वर्मा
मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए नियमित व्यायाम और खेल गतिविधियां बेहद आवश्यक हैं। युवाओं को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूरी बनाकर प्रतिदिन व्यायाम करने तथा खेल मैदान में समय बिताने की आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधियां शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों, जैसे मोटापा, मधुमेह और हृदय रोग के जोखिम को कम करने में सहायक होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतिदिन एक घंटा खेल मैदान में बिताएं खिलाड़ी – श्री आर.पी. तिवारी
पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री आर.पी. तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में युवा खेल मैदान में शारीरिक गतिविधियों की अपेक्षा मोबाइल और टेलीविजन पर अधिक समय व्यतीत कर रहे हैं। इससे उनकी शारीरिक सक्रियता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल मैदान में अभ्यास करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित खेलकूद से शारीरिक क्षमता, मानसिक एकाग्रता और आत्मविश्वास का विकास होता है।
शारीरिक और मानसिक मजबूती के लिए नियमित व्यायाम जरूरी – श्री आर.डी. वर्मा
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-01, निवाड़ी के प्राचार्य श्री आर.डी. वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि फिटनेस हमारे शरीर और मस्तिष्क को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रत्येक विद्यार्थी को प्रतिदिन व्यायाम और खेल गतिविधियों के लिए समय निकालना चाहिए। उन्होंने स्वदेशी एवं पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए विद्यार्थियों से देशज खेलों को अपनाने और अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में शारीरिक दक्षता, अनुशासन, आपसी सहयोग, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पूर्व अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी एवं एनआईएस कोच श्री शुभम शर्मा तथा निवाड़ी ब्लॉक समन्वयक श्री मनीष सोनी की सराहनीय भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन श्री मनीष सोनी ने किया तथा अंत में अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #jansamparkMP #niwari
2 views | Niwari, Madhya Pradesh | Oct 13, 2026