बिगड़ रही नवनीत की तबीयत, लेकिन इरादे अडिग—"सड़क नहीं तो अन्न-जल नहीं!"
मुरैना/ गांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे नवनीत तोमर की तबीयत बिगड़ने लगी है, लेकिन उन्होंने अपना आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। उनका कहना है कि जब तक सड़क निर्माण शुरू नहीं होगा, तब तक वह अन्न-जल ग्रहण नहीं करेंगे। रातभर ग्रामीण आंदोलन स्थल पर उनके साथ डटे रहे।
हालांकि, देर रात पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नवनीत का स्वास्थ्य परीक्षण किया, लेकिन उन्होंने आंदोलन समाप्त करने से इनकार कर दिया।
गौरतलब है कि पीपरीपुरा–जौहां–श्यामपुर खुर्द सड़क का भूमिपूजन अप्रैल में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने किया था। आंदोलनकारियों का आरोप है कि भूमिपूजन के करीब दो महीने बाद ही पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया, जबकि सांसद इस स्थिति से अनजान बने रहे। अब ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि जब भूमिपूजन हो चुका था, तो सड़क निर्माण आखिर क्यों रुक गया और इसे दोबारा कब शुरू किया जाएगा?
सबसे अहम बात यह है कि इतने बड़े आंदोलन के बावजूद अब तक कोई भी बड़ा जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से बातचीत करने या उनकी समस्याएं सुनने नहीं आया। इसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
#मुरैना #morena #आंदोलन #सांसद #सड़क