साई इंटरनेशनल स्कूल में खेल दिवस का भव्य आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह और खेल कौशल
सोलन, 11 सितंबर 2026। साई इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को वार्षिक खेल दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, उमंग और अनुशासन के साथ विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेकर शानदार खेल भावना का परिचय दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री रमिंदर बावा तथा स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती मीरा गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
खेल दिवस के दौरान नन्हे विद्यार्थियों के लिए कलर रेस, बोतल उठाओ, स्पेलिंग मैच, शू रेस और लेमन रेस जैसी रोचक गतिविधियां आयोजित की गईं। वहीं, वरिष्ठ विद्यार्थियों ने सैक रेस, वन-लेग रेस, नीडल एंड थ्रेड, दौड़ और रिले रेस में अपनी प्रतिभा और फुर्ती का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का आकर्षण मार्च पास्ट, ज़ुम्बा और नर्सरी के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विशेष पी.टी. प्रदर्शन रहा। नन्हे विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों का खूब ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिताओं में नर्सरी वर्ग के अयान, प्राणवी और हर्षित ने विजेता बनकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आधार पर आयोजित हाउस चैंपियनशिप में मून हाउस ने प्रथम स्थान हासिल कर चैंपियनशिप अपने नाम की। जूपिटर हाउस दूसरे और अर्थ हाउस तीसरे स्थान पर रहा।
स्कूल प्रबंधन ने कहा कि खेल दिवस का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करना है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क की भावना को भी बढ़ावा मिलता है।
दिनभर चले इस आयोजन ने विद्यार्थियों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का समापन शानदार खेल भावना और विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ हुआ।
Solan, Solan | Sep 11, 2026