स्कॉर्पियो-कार भिड़ंत के बाद दोनों गाड़िया पलटी, दो महिलाओं की मौ#त : चार लोग घायल, 2 गंभीर हालत में रेफर; मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। जालोर में दो कारों में भिड़ंत हो गई। स्कॉपियो के पलटने के बाद आई-10 कार उसके ऊपर चढ़कर पलट गई। हादसे में कार सवार दो महिलाओं की मौ#त हो गई। वहीं 4 लोग घायल हुए है। दो को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। सभी मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। हादसा रविवार सुबह करीब 10 बजे बिशनगढ़ थाना क्षेत्र के ऐलाना गांव के पास हुआ।
बिशनगढ़ थाना ASI डूंगराराम ने बताया - आई-10 कार में ओड़वाड़ा (जालोर) गांव निवासी शांतिलाल पुत्र छागाराम राजपुरोहित, उनकी पत्नी लीला देवी, दिनेश पुत्र हरीराम मेघवाल, सुशीला पुत्री दिनेश कुमार मेघवाल, सौरम देवी पत्नी हरीराम मेघवाल और हडमतगढ़ निवासी वचनाराम पुत्र रावताराम मेघवाल सवार थे। सभी सोमता स्थित एक मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान ऐलाना गांव के पास उनकी कार के आगे चल रही स्कॉर्पियो अचानक मुड़ गई। स्कॉर्पियो के अचानक मुड़ने से आई-10 कार उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो सड़क पर पलट गई। इसके बाद सवारियों से भरी आई-10 कार भी अनियंत्रित होकर स्कॉर्पियो के ऊपर चढ़ गई और पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में लीला देवी राजपुरोहित की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आई-10 में सवार अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की सूचना पर जालोर से दो एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं। इस दौरान 108 पायलट पूरणसिंह और बफाराम तथा ईएमटी दिनेश कुमार और किशोर कुमार की मदद से घायलों को जालोर के सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। इस दौरान रास्ते में सौरम देवी की मौ#त हो गई। घायलों में वचनाराम और दिनेश की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगे रेफर किया गया। सुशीला का जालोर के सरकारी हॉस्पिटल में और शांतिलाल का जालोर के एक निजी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। सूचना पर बिशनगढ़ थानाधिकारी मनोज कुमार और उम्मेदाबाद चौकी प्रभारी डूंगराराम चौधरी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर कब्जे में लिया गया और यातायात व्यवस्था सुचारू करवाई गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि स्कॉर्पियो में दो लोग सवार थे, जो हादसे के बाद वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Jalor, Jalor | Jun 14, 2026