गोंडा के कोड़िया थाना क्षेत्र में बिजली बकाया होने पर गोले इंडस्ट्रीज का 50 केवीए विद्युत कनेक्शन अस्थायी रूप से विच्छेदित करने के बाद विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि कनेक्शन काटे जाने से नाराज उपभोक्ता मो. आरिफ ने लाइनमैन राहुल तिवारी को फोन कर मां-बहन की भद्दी-भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पहले भी कई बार लाइनमैन के साथ गाली-गलौज और मारपीट का प्रयास किया था। इस बार फोन पर दी गई धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपी गई है। मामले में राहुल तिवारी की तहरीर पर कोड़िया थाने में 28 अक्टूबर 2026 को एफआईआर संख्या 0257 दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 224, 352 और 351(3) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। सवाल यह है कि सरकारी बकाया वसूली अभियान के तहत ड्यूटी करने वाले बिजली कर्मचारियों को यदि इस तरह धमकियां मिलेंगी तो वे अपना सरकारी काम कैसे कर पाएंगे?
Gonda, Gonda | Oct 30, 2026