सांप को 10 बार मुंह में डालकर किया स्टंट, थोड़ी देर बाद जमीन पर गिरा, पूरे शरीर में जहर फैला
बिजनौर में वीडियो बनाने का शौक एक युवक को भारी पड़ गया। घर में घुसे सांप को मारने के बाद युवक ने उसके साथ स्टंट किया। कई बार सांप को मुंह में डाला। फिर उसे निकालकर सिर पर लपेट लिया। वह करीब एक घंटे तक सांप के साथ करतब दिखाता रहा।
इस घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया है। वीडियो में युवक सांप को मुंह में डालते और सिर पर लपेटते दिख रहा है। इसके कुछ देर बाद युवक की तबीयत बिगड़ गई। घरवाले पहले झाड़-फूंक कराते रहे। हालत नहीं सुधरी तो उसे सीएचसी ले गए।
डॉक्टरों ने गंभीर हालत में उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना नहटौर थाना क्षेत्र के शादीपुर गांव की है।
शादीपुर गांव का रहने वाला सलीम (42) मजदूरी करता है। परिवार में पत्नी नाजिया और तीन बच्चे हैं। इनमें दो बेटे और एक बेटी है। गुरुवार देर रात सलीम के घर में एक सांप घुस आया था। सलीम ने सांप को मार दिया। इसके बाद उसने मजाक-मजाक में मरे हुए सांप के साथ स्टंट करते हुए वीडियो बनवाया।
वीडियो में सलीम कई बार सांप को मुंह में डालते और उसके साथ करतब करते नजर आ रहा है। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने उसका वीडियो बना लिया। स्टंट करने के कुछ देर बाद सलीम की तबीयत बिगड़ने लगी। घरवालों ने आशंका जताई जा रही है कि सांप का जहरीला अंश मुंह के जरिए उसके शरीर में पहुंच गया, जिससे उसकी हालत खराब हो गई।
तबीयत बिगड़ने के बाद घरवाले सलीम को स्थानीय ओझा के पास ले गए और झाड़-फूंक कराने लगे। इलाज में देरी होने से उसकी हालत और बिगड़ गई। जब सलीम बेहोश होने लगा तो घरवाले उसे गुरुवार रात 10:45 बजे नहटौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे।
हालत में सुधार न होने पर सलीम को सीएचसी से बिजनौर हायर सेंटर रेफर किया गया। जहां इलाज के बाद शुक्रवार सुबह 3:30 बजे उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। सलीम की पत्नी नाजिया ने बताया कि अस्पताल में इलाज के बाद अब उसकी हालत में सुधार है।
सीएचसी के डॉ. शुभम कुमार ने बताया-
" परिजनों ने जानकारी दी थी कि मरीज ने मृत सांप को मुंह में डाला था। मरीज में विषाक्तता जैसे लक्षण दिखाई देने पर प्राथमिक इलाज के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था।
Hardoi, Hardoi | Jun 26, 2026