बदरीनाथ हाईवे पर दर्दनाक हादसा: डेढ़ साल की मासूम की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़!!
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मूल्यागांव के समीप रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पानीपत से श्रीनगर की ओर गेहूं लेकर जा रहा एक ट्रक चढ़ाई के दौरान तकनीकी खराबी आने से अनियंत्रित होकर पीछे की ओर लुढ़कने लगा। ट्रक को पीछे आते देख उसके पीछे चल रहे दूसरे ट्रक चालक ने भी वाहन को पीछे करना शुरू कर दिया। इसी दौरान पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल दोनों ट्रकों की चपेट में आ गई।
मोटरसाइकिल पर पति-पत्नी अपनी करीब डेढ़ वर्षीय पुत्री के साथ सवार थे। हादसे के दौरान मासूम बच्ची ट्रक के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गेहूं से लदा ट्रक सड़क पर पलट गया, जिससे बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मासूम बच्ची के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकोट बेस अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने हाईवे पर यातायात सुचारु कराने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत मासूम की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
Rudraprayag, Rudraprayag | Jun 28, 2026