004
प्रैस नोट-जिला पलवल
दिनांक 13 अक्टूबर 2026
*पलवल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: थाना उटावड़ पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की मोटरसाइकिल सहित आरोपी धरा।*
*बरामद मोटरसाइकिल सोहना, गुरुग्राम से चोरी, आरोपी लिया पुलिस रिमांड पर।*
पुलिस अधीक्षक पलवल श्रीमती दीप्ति गर्ग (आईपीएस) के कुशल मार्गदर्शन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना उटावड़ पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल व उस पर लगी फर्जी नंबर प्लेट सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान तौफिक उर्फ काला पुत्र सुलेमान, निवासी गांव उटावड़, थाना उटावड़, जिला पलवल के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए थाना उटावड़ प्रभारी निरीक्षक हरिकिशन ने बताया कि दिनांक 12 अक्टूबर 2026 की रात थाना उटावड़ पुलिस टीम गश्त एवं जांच के दौरान थाना के सामने उटावड़-हथीन रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी तौफिक उर्फ काला, जो सोहना (जिला गुरुग्राम) से चोरी हुई मोटरसाइकिल (स्पलैंडर प्लस, असली नंबर HR-72E-7507) पर राजस्थान की फर्जी नंबर प्लेट (RJ-40-SM-8258) लगाकर हथीन की तरफ से आ रहा है।
सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी की। हथीन की तरफ से आती मोटरसाइकिल को जब पुलिस ने रोकने का इशारा किया, तो आरोपी पुलिस पार्टी को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया।
जांच के दौरान जब पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मोटरसाइकिल के चेसिस और इंजन नंबर की पड़ताल की, तो पता चला कि उक्त वाहन का असली नंबर HR-72E-7507 है, जो दिनांक 2 अप्रैल 2026 को सब्जी मंडी सोहना से चोरी हुआ था। इस संबंध में थाना शहर सोहना (गुरुग्राम) में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत चोरी का मामला दर्ज है। आरोपी तौफिक उर्फ काला के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और उस पर लगी फर्जी नंबर प्लेट को कब्जे में लेकर पुलिस ने थाना उटावड़ में भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
थाना उटावड़ पुलिस ने आरोपी को आज माननीय अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत 01दिन रिमांड प्राप्त किया गया है । इस दौरान आरोपी से अन्य चोरी वारदातों के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है।
Palwal, Palwal | Oct 13, 2026