धनतेरस पर सज गया मदनपुर बाजार, दीये-झाड़ू-बर्तन,इलेक्ट्रॉनिक उपकरण,बाइक,स्कूटी की खरीदने के लिए उमड़ी भीड़
औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड मुख्यालय के मुख्य बाजार में धनतेरस को लेकर जबरदस्त रौनक है। दोपहर बाद से ही बाजार में खरीदारी के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।बाजार की शुरुआत में ही ठेले,टेबल पर मिट्टी के दीये, करवा और मिट्टी के बर्तनों का ढेर लगा है। बगल में झाड़ू और पूजा का सामान बेचा जा रहा है। लोग ठेले पर रुक-रुक कर दीये और झाड़ू खरीद रहे हैं।
आगे बढ़ते ही बाजार की गली में दोनों तरफ दुकानें सजी दिख रही हैं। कहीं पीतल के दीये, लोटा, कलश और पूजा के बर्तन बिक रहे हैं, तो कहीं लक्ष्मी-गणेश की रंग-बिरंगी मूर्तियां, झालर, फूल माला और सजावट का सामान सजा है। महिलाएं सबसे ज्यादा बर्तन, दीये और लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति पसंद कर रही हैं।
एक दुकान पर महिलाएं पीतल के छोटे-छोटे दीये और पूजा के बर्तन हाथ में लेकर दाम पूछती दिख रही हैं। दूसरी तरफ मिठाई की दुकान पर लड्डू, फल और मिठाई की खरीदारी हो रही है। पटाखा और सजावट के सामान की दुकानों पर भी बच्चों और युवाओं की भीड़ लगी है।
बाजार में इतनी भीड़ है कि बाइक और साइकिल निकालना भी मुश्किल हो गया है। लोग परिवार के साथ, हाथ में झाड़ू और थैला लेकर खरीदारी करते नजर आ रहे हैं। दुकानदार भी ग्राहकों को सामान दिखाने में लगे हैं।कुल मिलाकर धनतेरस को लेकर मदनपुर का मुख्य बाजार पूरी तरह गुलजार हो गया है।