*लुटुआ में सर्च के दौरान मिला 5 किलो का आईईडी, सीआरपीएफ ने मौके पर किया नष्ट*
*लुटुआ (गयाजी)।* लुटुआ थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस के संयुक्त सर्च अभियान के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। सर्च के दौरान जवानों को जमीन के नीचे दबा करीब 5 किलोग्राम वजनी कमांड मैकेनिज्म आईईडी मिला, जिसे बीडीडीएस टीम ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डी/215 बटालियन सीआरपीएफ को प्राप्त सूचना के आधार पर कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल के दिशा-निर्देश में 5 नवंबर को सुबह 6 बजे कंपनी कमांडर निरीक्षक/जीडी अमरेश कुमार सिंह के नेतृत्व में "SADO" अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान टीम कैंप नागोबार से गुलरिया तरी होते हुए सिंघवा, लड़इया पहाड़ एरिया के पास पहुंची। सर्च के दौरान डीएसएमडी से बीप की आवाज आई। जवानों ने उस स्थान की खुदाई की तो वहां से 01 कमांड मैकेनिज्म आईईडी बरामद हुआ।
आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात नक्सलियों ने पुलिस फोर्स को जान-माल की हानि पहुंचाने की नियत से आईईडी को जमीन के नीचे दबाकर रखा था।