निर्माणाधीन पुल के वायरल वीडियो पर डीएम का सख्त रुख, तीन सदस्यीय जांच टीम गठित
देवरिया जिले के चखनी घाट पर खनुआ नाले के ऊपर निर्माणाधीन पुल का स्लैब खिसकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने तत्काल संज्ञान लिया है और पूरे प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन कर दिया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पुल निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और वायरल वीडियो में दिख रही स्थिति की गहन जांच की जाए। जांच टीम को मौके पर जाकर सभी पहलुओं की पड़ताल कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच में किसी अधिकारी, कर्मचारी या निर्माण एजेंसी की लापरवाही अथवा दोष सामने आता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि यूपी और बिहार को जोड़ने के लिए चखनी घाट पर खनुआ नाले के ऊपर लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण कराया जा रहा है। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में पुल का एक स्लैब एक तरफ झुका हुआ दिखाई दिया था, जिसके बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे थे।
जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद अब लोगों को निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की उम्मीद है। प्रशासन का कहना है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा दोषियों को हर हाल में जवाबदेह बनाया जाएगा।
DM Deoria #deoria
Deoria, Deoria | Jun 4, 2026