स्विट्जरलैंड की सरकारी संस्था ने चुना देवरिया के युवा वैज्ञानिक का स्टार्टअप
ईटीएच ज्यूरिख में पोस्ट-डॉक्टोरल शोध कर रहे डॉ. प्रत्युष कुमार की उपलब्धि, वैश्विक मंच पर बढ़ाया जिले का मान
रुद्रपुर (देवरिया)। तहसील क्षेत्र के ग्राम पिडरा घाट निवासी एवं प्रत्युष विहार रामचक के प्रधानाचार्य राणाप्रताप सिंह के पुत्र डॉ. प्रत्युष कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जनपद का गौरव बढ़ाया है। उनके द्वारा स्थापित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित स्टार्टअप इटेरासिम (iteraSim) का चयन स्विट्जरलैंड की सरकारी नवाचार एवं उद्यमिता संस्था इनोस्विस (Innosuisse) के प्रतिष्ठित स्टार्टअप कोचिंग एवं विकास कार्यक्रम के लिए हुआ है।
डॉ. प्रत्युष वर्तमान में स्विट्जरलैंड के विश्वप्रसिद्ध शोध संस्थान ईटीएच ज्यूरिख में पोस्ट-डॉक्टोरल शोध कर रहे हैं। इससे पूर्व उन्होंने आईआईटी बॉम्बे से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की थी। चयन के तहत उन्हें प्रारंभिक परामर्श एवं व्यवसायिक विकास सहायता के लिए अलग से अनुदान भी प्रदान किया गया है।
बताया जाता है कि इटेरासिम एक अत्याधुनिक एआई आधारित इंजीनियरिंग प्लेटफॉर्म है, जो जटिल वैज्ञानिक एवं अभियांत्रिकी गणनाओं को सरल, त्वरित और सुलभ बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। स्विट्जरलैंड सरकार की संस्था इनोस्विस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विकसित नवाचारों को व्यावसायिक स्वरूप देने के लिए चुनिंदा एवं संभावनाशील स्टार्टअप्स को मार्गदर्शन, विशेषज्ञ परामर्श तथा सहयोग प्रदान करती है। डॉ. प्रत्युष कुमार ने बताया कि प्राप्त अनुदान का उपयोग कंपनी की तकनीकी एवं व्यावसायिक रणनीति को और अधिक सुदृढ़ बनाने, उत्पाद विकास को गति देने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार की तैयारियों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इटेरासिम का उद्देश्य इंजीनियरिंग एवं वैज्ञानिक समस्याओं के समाधान को अधिक सरल, सटीक और सुलभ बनाना है।
पुत्र की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राणाप्रताप सिंह ने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर वैश्विक मंच पर पहचान बनाना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह सफलता क्षेत्र के युवाओं को विज्ञान, शोध और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। डॉ. प्रत्युष कुमार की इस उपलब्धि पर शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। इसे जनपद देवरिया के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया जा रहा है।
Deoria, Deoria | Jun 5, 2026