➡️ कहानी सच्ची है
➡️ सुपर सीडर से बुवाई कर किसान संदेश सिंह ने दिखाई नई राह, पानी और खाद की बचत के साथ अपनाई आधुनिक तकनीक
सागर 20 नवंबर 2026
बीना के ग्राम हिरणचिपा में किसान संदेश सिंह के खेत पर पहुंचकर सुपर सीडर मशीन से बुवाई का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान किसान द्वारा प्रमाणित बीज की मशहूर किस्म एल-47 -27की बुवाई सुपर सीडर मशीन के माध्यम से की गई।
किसान संदेश सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सुपर सीडर मशीन से बुवाई करना बेहद उपयोगी और किफायती है। इससे समय, पानी एवं बीज की बचत होती है। उन्होंने यह मशीन अनुदान पर प्राप्त की है।
बुवाई के दौरान एक महत्वपूर्ण बात यह भी देखने को मिली कि डीएपी खाद उपलब्ध नहीं होने के बावजूद किसान को बुवाई में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। किसान ने डीएपी के विकल्प के रूप में उपलब्ध उर्वरकों में से टीएसपी (TSP) खाद का चयन किया और उसे मिलाकर दलहनी फसल की बुवाई की।
किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे मौसम एवं उपलब्ध नमी के अनुसार मसूर, चना, राई, अलसी तथा कम पानी में तैयार होने वाली गेहूं की उपयुक्त किस्मों को प्राथमिकता दें।
इस अवसर पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, बीना अवधेश राय ने मौके पर पहुंचकर किसान संदेश सिंह से सुपर सीडर द्वारा बुवाई के संबंध में चर्चा की तथा आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस पहल का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, उर्वरकों के वैकल्पिक उपयोग तथा कम लागत में अधिक लाभ देने वाली तकनीकों से जोड़ना है, ताकि किसान आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बना सकें।
#jansamparkMP #sagar
Sagar, Madhya Pradesh | Nov 20, 2026