ईओ विमल कुमार हत्याकांड: घटनास्थल पहुंचे आईजी विकास वैभव, चालक गिरफ्तार, बयान बदलने से बढ़ा शक
रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या मामले की जांच तेज हो गई है। रविवार को मगध प्रक्षेत्र के आईजी विकास वैभव और औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक (एसपी) उपेंद्र नाथ वर्मा घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की प्रगति की समीक्षा की।
इस बीच पुलिस ने ईओ के वाहन चालक मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान चालक द्वारा बार-बार बयान बदलने की बात सामने आई है, जिससे उस पर पुलिस का संदेह गहरा गया है। पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की गहन जांच में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है तथा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।