न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत सांदीपनि विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
विद्यार्थियों को बाल अधिकारों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ श्रीमती आशिता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं संरक्षण तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ के सचिव एवं जिला न्यायाधीश श्री दिनेश देवड़ा की अध्यक्षता एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक की उपस्थिति में “न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह 2026” के अंतर्गत 17 नवम्बर 2026 को सांदीपनि विद्यालय, राणापुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में सचिव एवं जिला न्यायाधीश श्री दिनेश देवड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व एवं शिक्षा के अधिकार अधिनियम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने, सुरक्षित वातावरण में रहने तथा सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है। उन्होंने बाल अधिकारों, बाल संरक्षण एवं लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम के संबंध में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के शोषण या अनुचित व्यवहार के प्रति सजग रहने तथा ऐसी स्थिति में बिना डर के अपने अभिभावकों एवं संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक ने विद्यार्थियों को बाल श्रम निषेध एवं उससे संबंधित कानूनी प्रावधानों, साइबर सुरक्षा तथा ऑनलाइन अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का उपयोग सावधानी और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। अनजान लिंक पर क्लिक करने, अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड एवं ओटीपी साझा करने से बचना चाहिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि हेलमेट पहनना, वाहन चलाते समय सावधानी रखना तथा यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका, निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं नालसा की टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाना तथा आमजन को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
इसके साथ ही नालसा की नशा उन्मूलन पहल (डॉन) के अंतर्गत विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार एवं सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज में भी नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने की अपील की गई।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं जीवन में कभी भी किसी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे तथा अपने परिवार के सदस्यों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
उक्त शिविर में स्कूल प्राचार्य शिक्षक/शिक्षिकाऐं एवं लगभग 250 छात्र उपस्थित रहें। शिविर में प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं के पेम्पलेट वितरित किये गये।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP
Jhabua, Madhya Pradesh | Nov 17, 2026