कोडरमा जिले के ताइक्वांडो खेल जगत के लिए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि है कि प्रवीण जोशी ने NIS ताइक्वांडो कोच की उपलब्धि हासिल की है। कोडरमा के प्रथम NIS ताइक्वांडो कोच बनने पर उन्हें कोडरमा जिला ताइक्वांडो संघ की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं।
कोडरमा जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष एवं कोडरमा जिला ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव अशोक कुमार ने यह जानकारी देते हुए कहा कि प्रवीण जोशी पिछले 20 वर्षों से उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में ताइक्वांडो का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रवीण की यह उपलब्धि उनकी लंबे समय की मेहनत, अनुशासन, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। यह उपलब्धि न केवल प्रवीण जोशी के लिए, बल्कि पूरे कोडरमा जिले के ताइक्वांडो परिवार के लिए गर्व का विषय है।
अशोक कुमार ने बताया कि NIS कोच प्रशिक्षण में पूरे भारत से 32 कोचों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिसमें से देशभर में मात्र 12 कोच ही सफल हुए। सफल 12 कोचों में प्रवीण जोशी भी शामिल हैं। उनकी यह सफलता जिले के युवा खिलाड़ियों और उभरते हुए प्रशिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि NIS कोच के रूप में प्रवीण जिले और राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन देकर ताइक्वांडो के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार एवं संजय कुमार, सचिव आकाश चंद्र, संयुक्त सचिव लव कुमार एवं रामाशीष, तथा वरिष्ठ कोच प्रवीण कुमार, रिंकी राज और अनुराधा ने प्रवीण जोशी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शुभकामना संदेश देने वालों में डॉ. मनोज कुमार, अरुण मिश्रा, टिंकू मिश्रा, अनंत मिश्रा एवं तनुश्री सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे। इसके अलावा कोडरमा जिले के वरिष्ठ एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों संगम राज, शिवम सलूजा, रचित राज, अमोली मोदी एवं आराध्या सिंह तथा उनके अभिभावकों ने भी प्रवीण जोशी को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
वहीं ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव प्रभात शर्मा, झारखंड ताइक्वांडो संघ के महासचिव संजय शर्मा, वर्किंग प्रेसिडेंट गोपाल कुमार, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट मिथिलेश कुमार सिंह, Modern Public School की निदेशक संगीता शर्मा, DAV Public School के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह, गुरु चरण वर्मा, प्राचार्य मॉडर्न पब्लिक स्कूल, समाजसेवी अरुण मिश्रा सहित कई खेल संघों के पदाधिकारियों ने भी प्रवीण जोशी को शुभकामनाएँ दीं। सभी ने कहा कि उनकी सफलता जिले के युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
कोडरमा जिला ताइक्वांडो संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रवीण जोशी अपनी नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए जिले और राज्य के ताइक्वांडो खिलाड़ियों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।