झुमरी तिलैया के एनएच-20 बायपास रोड स्थित सीडी कॉलोनी वार्ड नंबर 18 के अंडरपास से सुभाष चौक की ओर जाने वाली सर्विस लेन इन दिनों गंदगी और जलजमाव की समस्या से जूझ रही है। सड़क पर पानी जमा रहने और जगह-जगह गंदगी पसरे रहने से राहगीरों व स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।स्थानीय लोगों ने बुधवार को 11 बजे उपायुक्त से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जलजमाव के कारण सड़क की स्थिति खराब हो रही है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने जल्द सफाई और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।