एसबीपीएल नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में सूर्यपुरा इलेवन बनी विजेता
सूर्यपुरा के बारुण टांड़ मैदान पर आयोजित एसबीपीएल नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सोमवार सुबह 11 बजे सूर्यपुरा इलेवन और बारुण टांड़ के बीच खेला गया। टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया था। फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर सूर्यपुरा इलेवन ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बारुण टांड़ की टीम निर्धारित 6 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर मात्र 31 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सूर्यपुरा इलेवन की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए केवल 1 ओवर 2 गेंद में ही लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की और ट्रॉफी अपने नाम कर ली। पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मनीष कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच एवं प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। एसबीपीएल लीग के अध्यक्ष गुलशन यादव ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्घाटन मुखिया प्रमोद चंद्रवंशी ने किया था। फाइनल मुकाबले एवं पुरस्कार वितरण समारोह में राकेश, प्रिंस, अंकित, रवि यादव, भोलू यादव, बिट्टू, पीयूष, संदेश, उत्पल सहित कई खेल प्रेमी और ग्रामीण मौजूद रहे। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और रोमांचक मुकाबलों से दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिला।