#राज्यपाल_का_भरतपुर_दौरा..
भरतपुर। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने शुक्रवार को रूपवास क्षेत्र के बौकोली मोड़ स्थित मां केला देवी स्टोन क्रेशर परिसर में आयोजित 116 बेटियों के सामूहिक विवाह समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने बगलामुखी राष्ट्र रक्षा महायज्ञ की पूर्णाहुति में भी भाग लिया। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने इस भव्य आयोजन को सामाजिक समरसता और सेवा का अनूठा उदाहरण बताते हुए इसे 'युवा महोत्सव' की संज्ञा दी। उन्होंने अपनी बेटी मुस्कान के विवाह के साथ निर्धन परिवारों की बेटियों का सामूहिक विवाह कराने की पहल करने वाले चन्द्रप्रकाश व्यास और अन्य आयोजकों की विशेष सराहना की। राज्यपाल ने कहा कि विवाह समारोहों में होने वाली अनावश्यक फिजूलखर्ची और दिखावे पर रोक लगाकर उस राशि को बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर खर्च करना चाहिए। शिक्षित और संस्कारवान युवा ही विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव होते हैं, जो आगे चलकर आत्मनिर्भर बन देश के विकास में योगदान देंगे। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश मादक पदार्थों के जरिए हमारी युवा पीढ़ी को कमजोर करने की साजिश रच रहा है। ऐसे में परिवार और समाज की यह सामूहिक जिम्मेदारी है कि वे युवाओं को नशे से बचाकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक कार्यों से जोड़ें। भारतीय संस्कृति में विवाह को दो परिवारों का पवित्र मिलन बताते हुए राज्यपाल ने नवदंपतियों को सुखी दांपत्य जीवन का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि वैवाहिक जीवन में प्रेम, विश्वास और धैर्य जरूरी है; यदि एक को क्रोध आए तो दूसरे को शांत रहकर स्थिति संभालनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी 116 नवदंपतियों को खुशहाल जीवन का आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर भरतपुर महापौर अनुराधा सिंह, धौलपुर सभापति गिरीश गर्ग, बृज विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. मदन सिंह राठौड़, पूर्व सांसद रामस्वरूप कोली, महेंद्रसिंह मग्गो, सद्गुरु राजकुमार, गेंदालाल, मनोज भारद्वाज, कृपाल सिंह और बाबूलाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।