Follow... जयपुर में महिला फूड कार्ट संचालिका का आरोप, पुलिस ने फेंका खौलता पानी, वीआईपी मूवमेंट के दौरान हुई घटना, गर्म पानी से झुलसे शरीर के कई हिस्से
जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में एक महिला फूड कार्ट संचालिका ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला ने इस संबंध में रामनगरिया थाने में मामला दर्ज करवाया है. मामला 19 जून का बताया जा रहा है, जब महल रोड स्थित केपिटल हाई स्ट्रीट मॉल के बाहर वीआईपी मूवमेंट के दौरान यह घटना हुई.
पीड़िता का आरोप है कि वीआईपी काफिले की आवाजाही के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बिना किसी पूर्व सूचना या चेतावनी के उसके फूड कार्ट पर रखा खौलता हुआ गर्म पानी फेंक दिया. महिला का कहना है कि इस दौरान गर्म पानी उसके शरीर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई.
शरीर के कई हिस्सों में आई चोटें
महिला के अनुसार घटना में उसके हाथ, छाती, पेट और जांघ सहित शरीर के कई हिस्से झुलस गए. घटना के बाद उसे शारीरिक पीड़ा का सामना करना पड़ा. पीड़िता ने पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पूरे मामले की शिकायत दर्ज करवाई है.
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की शिकायत मिलने के बाद रामनगरिया थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, मामले की जांच रामनगरिया थाने के सब इंस्पेक्टर गोवर्धन प्रसाद कर रहे हैं. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है.
Sangod, Kota | Jun 24, 2026