देवरिया के युवाओं को जल्द मिलेंगे टैबलेट, गोरखपुर में होगा वितरण कार्यक्रम
#देवरिया। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत जिले के युवाओं को टैबलेट वितरण की तैयारी तेज हो गई है। इसको लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट सभागार में शासकीय और अर्द्धशासकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक की।
बैठक में डीएम ने निर्देश दिया कि टैबलेट वितरण से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। पात्र विद्यार्थियों का विवरण, आवश्यक अभिलेख और अन्य औपचारिकताएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने को कहा, ताकि वितरण के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
बताया गया कि देवरिया के युवाओं के लिए टैबलेट वितरण का प्रस्तावित कार्यक्रम गोरखपुर में आयोजित किया जाएगा। डीएम ने संबंधित संस्थानों को विद्यार्थियों तक कार्यक्रम की जानकारी समय से पहुंचाने और सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना और उनकी तकनीकी दक्षता बढ़ाना है। टैबलेट मिलने से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई और शैक्षणिक सामग्री तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी और विद्यालयों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।
#deorianews #deoriaup52
Barhaj, Deoria | Nov 13, 2026