ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को निखारने में स्पोर्ट्स एकेडमी की अहम भूमिका : विधायक रामकुमार कश्यप
फाजिलपुर स्पोर्ट्स एकेडमी में पहुंचकर विधायक रामकुमार कश्यप ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, विजेता बच्चों को दी बधाई
इंद्री, 22 नवंबर। विधायक एवं गवर्मेंट चीफ व्हीप रामकुमार कश्यप ने रविवार को गांव फाजिलपुर स्थित स्पोर्ट्स एकेडमी में पहुंचकर अभ्यास कर रहे बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने 100, 400 और 800 मीटर दौड़ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की और विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि सोहन सिंह द्वारा संचालित यह स्पोर्ट्स एकेडमी ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने का सराहनीय कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित मंच, बेहतर संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध करवाने की है। ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना ही खेलों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
उन्होंने बताया कि एकेडमी में आयोजित प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों ने 100, 400 और 800 मीटर दौड़ सहित विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों में खेल के प्रति उत्साह, अनुशासन, मेहनत और समर्पण देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने प्रतियोगिताओं में विजेता रहे बच्चों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल सुविधाओं का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्रीय मंत्री एवं करनाल के सांसद मनोहर लाल के मार्गदर्शन और सहयोग से क्षेत्र में खेल एवं युवा विकास से जुड़े प्रयासों को भी नई दिशा मिल रही है।
उन्होंने कहा कि फाजिलपुर की धरती खेल जगत में अपनी विशेष पहचान बना रही है। इंद्री क्षेत्र के युवा क्रिकेटर अंशुल कंबोज ने भारतीय क्रिकेट टीम से जुड़कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धियां ग्रामीण क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सोहन सिंह के मार्गदर्शन और बच्चों की कड़ी मेहनत से इस एकेडमी से भी भविष्य में अनेक खिलाड़ी प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर सोहनलाल अर्चना, सोनिया कवरलाल फौजी, कृष्ण कुमार, प्रिंस कुमार, जयसिंह, पवन कुमार, रिंकू, मुकेश कुमार, योगा टीम की तरफ से सीमा देवी, संगीता, सविता, रेखा, पूनम और समस्त अखाड़ा कमेटी और ग्राम पंचायत की तरफ से सरपंच रीना देवी, ग्राम पंचायत मोहनपुर की तरफ से सरपंच प्रताप सिंह सहित अन्य सदस्यगण मौजूद रहे।
#HVN24