*मधेपुरा में PM आवास योजना की जांच तेज, राशि लेकर घर नहीं बनाने वालों को नोटिस; होगी वसूली**
मधेपुरा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि मिलने के बावजूद घर का निर्माण शुरू नहीं करने वाले लाभार्थियों पर अब कार्रवाई की तैयारी है। नगर परिषद ने ऐसे लाभार्थियों की पहचान कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया जाएगा और इसके बावजूद निर्माण नहीं कराने पर योजना के तहत मिली राशि की वसूली की जा सकती है।
नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के घरों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि योजना की राशि मिलने के बाद लाभार्थियों ने निर्माण कार्य शुरू किया है या नहीं।
अब तक वार्ड नंबर 13 में 10 लाभार्थियों के घरों की जांच की जा चुकी है। जांच के दौरान कुछ ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें लाभार्थियों को घर निर्माण के लिए राशि पहले ही मिल चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है।
ऐसे लाभार्थियों को नगर परिषद की ओर से नोटिस भेजने की तैयारी है। नोटिस के जरिए उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत घर का निर्माण शुरू करने और समय पर पूरा करने के निर्देश दिए जाएंगे। योजना के नियमों के मुताबिक निर्माण की प्रगति के आधार पर अगली किस्त जारी की जाती है।
Bihar, India | Sep 20, 2026