हल्द्वानी में हर साल बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या पर आखिरकार प्रशासन का गुस्सा फूट पड़ा। कुमाऊं आयुक्त और मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने शहर में प्रस्तावित सड़क और ड्रेनेज परियोजनाओं की सुस्त रफ्तार को लेकर अधिकारियों की क्लास लगा दी। लगभग 200 करोड़ रुपये के बजट वाली 16 किलोमीटर लंबी सड़क और नाला निर्माण योजनाओं की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने साफ लहजे में चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की हीला-हवाली या विभागों के बीच आपसी तालमेल की कमी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।