🐍 तालाब किनारे 10 फीट का अजगर देख मचा हड़कंप, बत्तख को बनाया शिकार
सिरसा कलार। जनपद जालौन के थाना क्षेत्र के तरसौर गांव में सोमवार को गोशाला के पास तालाब किनारे करीब 10 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। विशाल अजगर ने तालाब में तैर रही एक बत्तख को अपना शिकार बना लिया, जबकि दूसरी बत्तख को ग्रामीणों ने किसी तरह बचा लिया।
ग्रामीणों के अनुसार, अजगर पिछले कुछ समय से तालाब के आसपास नजर आ रहा है और उसने तालाब की कई बड़ी मछलियों का भी शिकार किया है। तालाब के आसपास छोटे बच्चे खेलते हैं, जबकि कई घरों के बाहर बकरियों के बच्चे भी बंधे रहते हैं। ऐसे में ग्रामीणों को किसी अनहोनी की चिंता सता रही है। कुछ ग्रामीणों के अनुसार विशाल अजगर ने एक छोटी बकरी का भी शिकार किया है।
अजगर का वीडियो बनाकर ग्रामीणों ने वन विभाग को भेजते हुए सुरक्षित रेस्क्यू की मांग की है। नियामतपुर वन रेंज के अधिकारी कोमल सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर भेज दी गई है। अजगर के बाहर निकलते ही उसका सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
📹 विशाल अजगर का वीडियो सामने आने के बाद गांव में चर्चा का माहौल है।
Orai, Jalaun | Aug 11, 2026