लखीसराय। पंचायत सरकार भवन निर्माण योजना से संबंधित जिला स्तरीय क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में पंचायत सरकार भवन निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान ग्राम पंचायत खुटहा पश्चिमी (प्रखंड बड़हिया) तथा ग्राम पंचायत टोरलपुर (प्रखंड सूर्यगढ़ा) में पंचायत सरकार भवन निर्माण हेतु उपलब्ध कराई गई भूमि के प्रस्तावों पर विचार किया गया। समिति ने दोनों स्थलों की भूमि को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान करते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया।बैठक में जिला पदाधिकारी ने भवन निर्माण विभाग एवं भवन प्रमंडल संगठन, लखीसराय से स्वीकृत स्थलों पर अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किए जाने पर स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न सरकारी सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है, इसलिए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।डीएम ने निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के बजाय लगातार विभिन्न कारणों का हवाला दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछली बैठक में भूमि की कमी का मुद्दा उठाया गया था, लेकिन उपलब्ध अभिलेखों और स्थल निरीक्षण से भूमि पर्याप्त पाई गई।जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को बैठकों में तथ्यात्मक एवं सही जानकारी प्रस्तुत करने का निर्देश देते हुए कहा कि भ्रामक या अधूरी जानकारी देना गंभीर विषय है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को जवाबदेही एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।बैठक के अंत में डीएम ने संबंधित कार्यान्वयन एजेंसियों को स्वीकृत स्थलों पर अविलंब निर्माण कार्य शुरू कराने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया।