नेशनल हाईवे 5 पर फिर सड़क हादसा स्कूली बच्चों से भरी बस डिवाइडर से टकराई परमाणु के नजदीक चक्की मोड में हुआ हादसा।
सोलन। राजगढ़ से पंचकूला लौट रही एक निजी स्कूल की बस चक्कीमोड़ से आगे तम्बू मोड़ के पास NH-5 पर हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तारी और लापरवाही के चलते बस सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के चालक की तरफ के शीशे टूट गए और बस पलटने से बाल-बाल बची। हादसे में स्कूल की प्रिंसिपल अमिता, चेयरमैन नरेंद्र सिंगला और कोऑर्डिनेटर मीनू को चोटें आई हैं, जबकि कई बच्चों को भी हल्की चोटें आई हैं।
पुलिस को दी शिकायत में स्कूल की अध्यापिका शिल्पा चौहान निवासी रामगढ़, पंचकूला ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से लीटरा हैरिटेज स्कूल कोट, पंचकूला में पीआरटी अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। 14 नवंबर 2026 को स्कूल के बच्चे दो बसों में राजगढ़ घूमने आए थे। इनमें से बस नंबर CH02AA2295 में 51 बच्चे, प्रिंसिपल अमिता, चेयरमैन नरेंद्र सिंगला, कोऑर्डिनेटर मीनू और वह स्वयं सवार थीं।
शिकायत के अनुसार बस को चालक साहिल चला रहा था। रात करीब 11:10 बजे चक्कीमोड़ से आगे तम्बू मोड़ के पास चालक ने तेज रफ्तारी और लापरवाही से बस चलाते हुए NH-5 पर सड़क के बीच बने डिवाइडर को ड्राइवर साइड से टक्कर मार दी। इससे बस के दाहिनी तरफ के शीशे टूट गए। हादसे में घायल प्रिंसिपल, चेयरमैन और कोऑर्डिनेटर को निजी वाहन से उपचार के लिए पंचकूला अस्पताल ले जाया गया।
शिकायतकर्ता ने हादसे के लिए बस चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने अध्यापिका के बयान के आधार पर चालक साहिल के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Solan, Solan | Nov 15, 2026