वालंटियर्स हेतु ई-कोर्ट सेवाओं एवं साइबर सुरक्षा पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री अरविंद रघुवंशी के मार्गदर्शन में ए.डी.आर, सेन्टर हरदा में शनिवार को पैरालीगल वालंटियर्स के लिए ई-कोर्ट्स सेवाओं, कोर्ट इन्फॉर्मेशन सिस्टम तथा साइबर सुरक्षा जागरूकता विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पैरालीगल वालंटियर्स को न्यायालयों में उपयोग की जा रही आधुनिक डिजिटल सेवाओं, ई-कोर्ट्स परियोजना तथा साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराना था, ताकि वे आमजन को डिजिटल न्याय सेवाओं का लाभ दिलाने में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में सिस्टम आफिसर श्री प्रकाश घोघरकर द्वारा कोर्ट इन्फॉर्मेशन सिस्टम का परिचय, इसके उद्देश्य तथा सीआईएस 3.2 के प्रमुख फीचर्स का विस्तृत अवलोकन कराया गया। पैरालीगल वाॅलेंटियर्स को बताया गया कि किस प्रकार यह प्रणाली न्यायालयीन कार्यों को अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं प्रभावी बनाती है। द्वितीय सत्र में डिजिटल न्याय वितरण में पैरालीगल वालंटियर्स की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान ई-फाइलिंग, ई-पे, ई-सम्मन, ई-कोर्ट्स सेवाएं, केस स्टेटस, कॉज लिस्ट सहित अन्य डिजिटल सुविधाओं के उपयोग एवं उनके माध्यम से आम नागरिकों को मिलने वाले लाभों की जानकारी प्रदान की गई। तृतीय सत्र में असिस्टेंट श्री अनिल गहलोद द्वारा ई-कोर्ट्स मोबाइल ऐप एवं सिटीजन सर्विसेज पोर्टल का लाइव प्रदर्शन किया गया। प्रतिभागियों को मोबाइल ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से केस की जानकारी प्राप्त करने, कॉज लिस्ट देखने तथा अन्य ऑनलाइन सुविधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। लाइव प्रैक्टिकल सत्र में पैरालीगल वालेंटियर्स ने स्वयं इन सेवाओं का उपयोग कर डिजिटल न्याय प्रणाली की कार्यप्रणाली को समझा।
चतुर्थ सत्र में आई.टी. असिस्टेंट श्री प्रशांत मालवीय द्वारा साइबर सुरक्षा जागरूकता पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस दौरान फिशिंग, सोशल मीडिया स्कैम, आइडेंटिटी थेफ्ट, मैलवेयर एवं रैनसमवेयर जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर विशेष प्रकाश डाला गया। अंतिम सत्र में आरक्षक सायबर सेल श्री लोकेश सतपुते द्वारा सायबर हाइजीन एवं सुरक्षित डिजिटल अभ्यास विषय पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को मजबूत पासवर्ड बनाने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, डेटा प्राइवेसी बनाए रखने तथा सायबर अपराध होने की स्थिति में राष्ट्रीय सायबर हेल्पलाइन 1930 एवं नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पैरालीगल वालंटियर्स ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे वे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को ई-कोर्ट्स सेवाओं तथा साइबर सुरक्षा के प्रति अधिक प्रभावी ढंग से जागरूक कर सकेंगे।
#Harda #eCourts #DigitalIndia #DLSA #CyberSafety Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh
Harda, Madhya Pradesh | Jul 18, 2026