मंडेबर से एनएच 344 व भूत माजरा तक लगेंगी स्ट्रीट व तिरंगा लाइटें, माजरी कॉलोनी में गलियों और स्टॉर्म वाटर लाइन का होगा निर्माण
मेयर ने वार्ड 18 में 82.68 लाख के विकास कार्यों का किया शिलान्यास
यमुनानगर।
यमुनानगर। मेयर सुमन बहमनी ने वीरवार की पार्षद उज्जवल ठाकुर की उपस्थिति में वार्ड 18 में 82.68 लाख से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मेयर सुमन बहमनी ने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि वार्ड 18 में 60.14 लाख रुपये की लागत से मंडेबर से नेशनल हाईवे-344 और भूत माजरा तक स्ट्रीट लाइट एवं तिरंगा लाइट लगाने का कार्य किया जाएगा। इससे क्षेत्र में रात के समय आवागमन करने वाले लोगों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था मिलेगी और सड़क का सौंदर्यीकरण भी होगा। वहीं फर्कपुर क्षेत्र की नव नियमित माजरी कॉलोनी में 22.54 लाख रुपये की लागत से विभिन्न गलियों के निर्माण के साथ स्टॉर्म वाटर लाइन डालने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि माजरी कॉलोनी में बलदेव सिंह के घर से हरपाल के घर तक, अभिषेक वाली गली तथा भार्गव के घर से गुप्ता के घर तक गलियों का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही बारिश के पानी की निकासी के लिए स्टॉर्म वाटर लाइन भी बिछाई जाएगी।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट और तिरंगा लाइट लगने से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ने के साथ लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
पार्षद उज्जवल ठाकुर ने कहा कि वार्ड 18 में लंबे समय से जिन विकास कार्यों की जरूरत महसूस की जा रही थी, उन्हें नगर निगम के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर करवाया जा रहा है। उन्होंने विकास कार्यों के लिए मेयर और निगम अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि इन कार्यों से क्षेत्रवासियों को काफी राहत मिलेगी। मौके पर सहायक अभियंता राजेश शर्मा, निगम जेई अरविंद कुमार, मनोनीत पार्षद उषा रानी, संदीप बालियान, भाजपा जिला महामंत्री अशोक शर्मा, मणिकांत शर्मा, नीलू, दलविंदर, शंभू, विशाल, मुकेश, सुरेंद्र, सुमित, ईश्म सिंह, जगमाल सिंह, सोमपाल आदि मौजूद रहे।
फोटो- वार्ड 18 में शिलान्यास करती मेयर सुमन बहमनी।