भारतीय किसान यूनियन के नेताओं ने कृषि मंत्री को अपनी मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
यमुनानगर 3 सितम्बर- किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी के नेतृत्व में किसानों से जुड़ी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य व पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा को उनके निवास स्थान रादौर में ज्ञापन सौंपा। किसान प्रतिनिधियों ने कृषि क्षेत्र से संबंधित गन्ने का रेट बढ़ाने, धान की खरीद 15 सितम्बर से शुरू करने, किसानों पर दर्ज मुकदमें वापिस लेने, भावातंर भरपाई योजना की बकाया राशि जल्द जारी करने आदि जैसी मांगों से कृषि मंत्री को अवगत करवाते हुए समाधान की मांग रखी।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने किसान प्रतिनिधियों की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसानों की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि किसान देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं तथा उनके हितों की अनदेखी नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसान यूनियन द्वारा रखी गई मांगों का प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ विचार-विमर्श कर नियमानुसार समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा। जो मांगें सरकार के स्तर पर पूरी की जा सकती हैं, उन पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के साथ संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने, कृषि को लाभकारी बनाने तथा किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। मेरा प्रयास रहेगा कि प्रदेश के किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान हो और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। किसानों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मार्किट कमेटी के चेयरमैन रूपिन्द्र सिंह, रादौर मंडल के भाजपा अध्यक्ष कृष्ण काम्बोज, वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल कृष्ण, सुनील काम्बोज सहित भाजपा के वरिष्ठ नेतागण व कार्यकर्ताओं सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारीगण भी उपस्थित रहें।