बरबीघा अंचल कार्यालय में डीएम और एसपी ने की जनता दरबार, भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश।
आज दिनांक 06 जून 2026 को जिला प्रशासन की ओर से विशेष पहल करते हुए बरबीघा प्रखंड कार्यालय स्थित अंचल कार्यालय में 'शनिवारीय बैठक' (जनता दरबार) का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता शेखपुरा के जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद एवं पुलिस अधीक्षक श्री बलिराम कुमार चौधरी संयुक्त अध्यक्षता में की गई।
बैठक के दौरान मुख्य रूप से भूमि विवाद से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। जिला पदाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि विवाद से जुड़े मामले कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा करते हैं, इसलिए इन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाना अति आवश्यक है।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बरबीघा के अंचलाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि अंचल कार्यालय में लंबित पड़े भूमि संबंधी आवेदनों का भौतिक सत्यापन अविलंब कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों की सूची तैयार कर उनकी गहन जांच की जाए।
किसी भी आवेदक को बार-बार चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित हो। राजस्व अभिलेखों में सुधार और दाखिल-खारिज से जुड़ी शिकायतों का पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए।
प्रशासनिक अधिकारियों की रही उपस्थिति इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय स्तर के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी, बरबीघा अंचलाधिकारी,बरबीघा सभी राजस्व कर्मचारी एवं अंचल कार्यालय के अन्य कर्मी जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति ने स्थानीय प्रशासन में एक संदेश देने का प्रयास किया है कि जनसमस्याओं के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।