खेलो खरगोन अभियान के तहत विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं का शुभारंभ
________________
पांच खेल विधाओं में 8 दिसंबर तक होंगी प्रतियोगिताएं, 11 दिसंबर को जिला स्तरीय आयोजन
________________
18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के महिला-पुरुष प्रतिभागियों को मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर
________________
खरगोन 02 नवंबर 2026। जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित खेलो खरगोन अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ सोमवार को स्टेडियम ग्राउंड खरगोन में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी, कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद, जिला पंचायत सीईओ श्री मिलिंद नागदेवे, एसडीओपी श्री सौरभ तोमर, एसडीएम श्री सत्येंद्र बैरवा एवं राष्ट्रीय कवि श्री शंभु सिंह मनहर की उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने तीन रंगों के गुब्बारे आकाश में उड़ाकर प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर न्यू राजीव गांधी मेमोरियल स्कूल की छात्राओं ने गणगौर नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर लोक संस्कृति की छटा बिखेरी।
जिला खेल अधिकारी श्रीमती पवी दुबे ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि खेलो खरगोन अभियान के अंतर्गत 2 नवंबर से प्रारंभ हुई विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं जिले के विभिन्न विकासखंडों में 8 दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़, गोला फेंक, तवा फेंक और लंबी कूद सहित पांच खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष प्रतिभागी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक खेल विधा में प्रथम से पांचवें स्थान तक स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 11 दिसंबर को आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। खेल प्रतियोगिताओं के संचालन एवं निर्णायक की भूमिका में क्रीड़ा अधिकारी श्री दीपक वाघ, श्री जितेंद्र भावसार, श्री सुरेशचंद्र हिरवे, श्री विजय पाटिल, श्री ललित सिसोदिया, श्री अखिलेश शुक्ला, श्री अब्दुल समद, श्री दीपेश भालसे, श्री पीयूष पाटीदार, श्री तनवीर खान, श्री उमेश कनोंजे, श्री अशफाक खान, श्री प्रेम चौहान एवं श्री अशोक मंडलोई सहित अन्य का सराहनीय योगदान रहा।
खेलो खरगोन अभियान जिले की ग्रामीण एवं शहरी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता और कौशल प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान कर रहा है। विकासखंड स्तर से जिला स्तर तक पहुंचने का यह अवसर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के साथ ही जिले में खेल गतिविधियों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार कर रहा है।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Nov 2, 2026