सिविल अस्पताल नागदा में स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित*
---
मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने, नियमित टीकाकरण एवं स्वास्थ्य योजनाओं का शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के दिए निर्देश*
---
उज्जैन, 18 नवम्बर 2026/मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम रघुवंशी जिला उज्जैन के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सिविल अस्पताल नागदा में स्वास्थ्य विभाग के समस्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह राजपूत द्वारा की गई।
बैठक में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने, गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं की समय पर पहचान, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की सतत निगरानी तथा संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। साथ ही सांस (SAANS) अभियान के अंतर्गत प्रशिक्षण प्रदान कर अभियान की गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने, डिलीवरी संबंधी जानकारी का समय पर पोर्टल पर अपडेशन करने तथा नवजात शिशु देखभाल सप्ताह के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने, परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत स्थायी एवं अस्थायी साधनों के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों की आभा आईडी बनाने, टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित सभी लक्ष्यों को समय पर पूर्ण करने तथा आरबीएसके कार्यक्रम की गतिविधियों में निर्धारित लक्ष्य समय-सीमा में प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। अनमोल प्रोटेल मे समस्त एंट्री समय पर किए जाने निर्देश l
बैठक में शासन की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार एवं समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त प्रत्येक शनिवार को सेक्टर स्तरीय बैठक आयोजित कर स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की नियमित समीक्षा करने तथा मैदानी स्तर पर आने वाली समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी-2 डॉ. मंजुषा पिप्पल, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार पाल, जिला एनसीडी नोडल अधिकारी डॉ. आदित्य रावल, जिला टीबी नियंत्रण अधिकारी डॉ. अरुण कुशवाह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री परविन्दर बग्या, जिला मूल्यांकन एवं अनुश्रवण अधिकारी सुश्री साक्षी शर्मा, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. संजीव कुमारावत सहित बीईई, बीपीएम, बीसीएम, सेक्टर मेडिकल ऑफिसर, सुपरवाइजर, समस्त सीएचओ, एएनएम, आशा सहयोगिनी एवं अन्य स्वास्थ्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे l
CM Madhya Pradesh CM&HO Office Ujjain Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Ujjain Collector Office Ujjain
Umaria, Madhya Pradesh | Nov 18, 2026