समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 05 नवंबर 2026
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला हाईवे रोड सेफ्टी टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक संपन्न, सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर दिए गए सख्त निर्देश
आज दिनांक 05 नवंबर 2026 को जिला पदाधिकारी, बक्सर की अध्यक्षता में जिला हाईवे रोड सेफ्टी टास्क फोर्स की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में की गई।
बैठक में जिले के राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों एवं सड़क निर्माण एजेंसियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
हाईवे एवं गोलंबर पर जाम की समस्या के समाधान हेतु निर्देश:-
बक्सर शहर एवं हाईवे पर लगने वाले जाम की समस्या के स्थायी समाधान हेतु अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के समकक्ष पदाधिकारियों के साथ तत्काल अंतर-जिला समन्वय बैठक करने का निर्देश दिया गया। बैठक में बलिया क्षेत्र में खनन विभाग द्वारा वाहनों की ISTP जांच के कारण बक्सर क्षेत्र में लगने वाली वाहनों की लंबी कतारों की समस्या पर विशेष चर्चा की गई।
गोलंबर पर खराब होने वाले वाहनों के कारण यातायात बाधित न हो, इसके लिए NHAI को रिकवरी वैन टोल प्लाजा के स्थान पर गोलंबर पर स्थायी रूप से तैनात रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही, हाईवे एवं चौसा मार्ग पर ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध आगामी एक सप्ताह तक विशेष सघन जांच अभियान चलाने तथा अवैध परिचालन एवं ओवरलोडिंग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस, परिवहन एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा नियमित रात्रिकालीन गश्ती करने का निर्देश दिया गया।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश:-
जिला पदाधिकारी ने NHAI, पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग के संबंधित पदाधिकारियों को चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य करते हुए अनुपालन प्रतिवेदन तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
सड़कों पर रंबल स्ट्रिप्स, दुर्घटना संभावित क्षेत्र के चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टिव मार्किंग, रोड मिरर एवं जेब्रा क्रॉसिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़क पर मौजूद गड्ढों की अविलंब मरम्मत कराने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय राजमार्गों पर NHAI के हेल्पलाइन नंबर 1033 के साथ आपातकालीन सेवा नंबर 112 एवं 102 को प्रमुखता से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पूर्व में नोटिस प्राप्त कर चुके चिन्हित अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता के साथ सड़क को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने हेतु अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निर्देशित किया गया।
'गोल्डन आवर' में दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगी त्वरित चिकित्सीय सहायता:-
जिला पदाधिकारी ने सड़क दुर्घटना के बाद का प्रथम एक घंटा अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए हाईवे से सटे सभी थानों की गश्ती गाड़ियों को सदैव अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया, ताकि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पीड़ितों को बिना किसी विलंब के निकटतम अस्पताल पहुंचाया जा सके।
साथ ही, स्वास्थ्य विभाग को प्रधानमंत्री राहत योजना (PM Rahat Scheme) के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सात दिनों तक अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके तथा आम नागरिकों के लिए सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुनिश्चित हो।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, यातायात पुलिस उपाधीक्षक, जिला खनन विकास पदाधिकारी, सिविल सर्जन, NHAI के साइट मैनेजर, पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता, कार्यपालक पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रवर्तन अवर निरीक्षक, मोटरयान निरीक्षक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Buxar Administration Buxar Police CMO Bihar Samrat Choudhary Transport Department, Government of Bihar जिला प्रशासन बक्सर #bihar #CMSamrat #IPRDBihar #IPRD_Bihar #BuxarNews #buxarcity #buxarjila #samratchaudhary #BiharNews
2 views | Buxar, Bihar | Nov 5, 2026