डुमरांव कम्पोजिट विद्यालय की व्यवस्था पर विक्रम जीत सिंह ने उठाए सवाल
“शिक्षकों को पढ़ाई के साथ गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाने से शिक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो”
मऊ। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में मऊ जनपद के सरकारी विद्यालयों के जनहित निरीक्षण अभियान के तहत आज डुमरांव कम्पोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर के अंदर झाड़ियाँ उगी हुई मिलीं तथा विद्यालय में अनुशासन एवं व्यवस्था की कमी भी देखने को मिली। विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और बेहतर प्रबंधन की आवश्यकता महसूस हुई।
निरीक्षण के दौरान शिक्षकों ने भी अपनी समस्याएँ एवं नाराजगी व्यक्त करते हुए बताया कि शिक्षण कार्य के साथ-साथ उन्हें जनगणना, वृक्षारोपण एवं अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाया जाता है, जिससे विद्यालय में नियमित रूप से पढ़ाई कराने में कठिनाई आती है।
विक्रम जीत सिंह ने कहा कि शिक्षकों का मुख्य दायित्व बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि शिक्षकों पर अनावश्यक गैर-शैक्षणिक कार्यों का अतिरिक्त भार न पड़े, ताकि वे अपना पूरा समय बच्चों की पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों में दे सकें।
उन्होंने कहा कि मऊ जनपद के सरकारी विद्यालयों की वास्तविक स्थिति जानने और कमियों को सामने लाने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। सामने आने वाली समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखकर उनके समाधान की मांग की जाएगी।
आज के निरीक्षण कार्यक्रम में अवधेश मौर्य, रामचंद्र कुमार, मनजीत यादव, अंकुर यादव सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।